फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नहीं लगाया मास्क, सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां

विज्ञापन
अंबेडकरनगर के विकास भवन परिसर में बिना मास्क लगाए खड़े लोग। - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सोमवार को पूरे जिले में लापरवाही देखने को मिली। सरकारी विभागों के कर्मचारियों से लेकर कई अधिकारी तक बिना मास्क के दिखे तो वहीं अस्पतालों, कार्यालयों समेत बाजारों में पहुंचे आम नागरिकों ने भी मास्क लगाने से परहेज किया। इस दौरान तमाम स्थानों पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां भी उड़ती दिखीं। रविवार को जिला प्रशासन के सख्त निर्देश के बाद उम्मीद थी कि सोमवार को पूरे जिले में निर्देशों का पालन कराने के लिए सख्ती दिखेगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
विज्ञापन

कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए इस पर अंकुश पाने के लिए जिला मजिस्ट्रेट सैमुअल पॉल एन ने रविवार को तमाम कड़े निर्देश जारी किए थे। इसके बावजूद सोमवार को जिले में कहीं भी इसका पालन होता नजर नहीं आया। कदम दर कदम पर आदेशों की धज्जियां उड़ती नजर आईं। आम नागरिकों की बात तो दूर, ज्यादातर सरकारी कर्मचारियों ने ही मास्क नहीं लगा रखा था। कुछ अधिकारी भी बिना मास्क के दिखे। इसके अलावा सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं किया गया। सोमवार को अमर उजाला टीम ने जिला मुख्यालय पर विभिन्न सरकारी कार्यालयों के साथ ही सार्वजनिक स्थलों का जायजा लिया, तो चारों तरफ कोरोना को लेकर लापरवाही नजर आई।
बिना मास्क के दिखे मरीज
अमर उजाला टीम जिला अस्पताल पहुंची तो परिसर में जहां जगह-जगह बगैर मास्क के ही मरीज व उनके तीमारदार दिखे, तो ओपीडी व इमरजेंसी वार्ड के मुख्य गेट पर सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी के बावजूद कुछ तीमारदार बगैर मास्क के ही धड़ल्ले से भवन के अंदर प्रवेश करते मिले। पर्ची व दवा काउंटर पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता नजर नहीं आया। और तो और खराब पड़ी सैनिटाइजर मशीनों को भी अब तक दुरुस्त नहीं कराया जा सका। नतीजा यह रहा कि बगैर खुद को सैनिटाइज किए ही मरीज व उनके तीमारदार धड़ल्ले से भवन के अंदर प्रवेश करते दिखे।
विज्ञापन

विकास भवन में भी लापरवाही
विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों में अलग-अलग कार्य के लिए जो नागरिक पहुंचे, उनमें ज्यादातर ने मास्क नहीं लगा रखा था। कुछ कर्मचारी भी ऐसे मिले, जिन्होंने मास्क नहीं लगा रखा था। सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन नहीं होता मिला। मुख्य गेट पर न तो सैनिटाइजर मशीन थी और न ही थर्मल स्क्रीनिंग की ही व्यवस्था थी। यहां परिसर में प्रवेश करते ही एक बड़े पेड़ के नीचे बगैर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किए तमाम नागरिक खड़े थे। यह सब अलग-अलग कार्यों के लिए यहां पहुंचे थे। उन्होंने मास्क तक नहीं लगा रखा था।
सार्वजनिक स्थलों पर दिखी मनमानी
सार्वजनिक स्थलों व प्रमुख बाजारों में प्रतिदिन की तरह ही बड़ी संख्या में नागरिक मनमानी करते नजर आए। जिला मुख्यालय से लेकर अन्य बाजारों में कहीं भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन होता नजर नहीं आया। भीड़ में शामिल ज्यादातर व्यक्तियों ने मास्क नहीं लगा रखा था। जिला मुख्यालय पर पुराने तहसील तिराहा, बस स्टेशन क्षेत्र, पटेलनगर तिराहा, शहजादपुर चौक, सब्जी मण्डी, दोस्तपुर चौराहा, पहितीपुर चौराहा पर प्रतिदिन की तरह भीड़ रही, लेकिन कहीं भी डीएम के निर्देशों का पालन होता नजर नहीं आया। न तो सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हुआ और न ही मास्क की अनिवार्यता ही सुनिश्चित हुई।
दुकानों पर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां
प्रशासन के सख्त निर्देश जलपान की दुकानों व होटलों पर तार-तार होते दिख रहे हैं। अमर उजाला टीम ने सोमवार को मिठाई व चाय की कई दुकानों का जायजा लिया तो वहां न तो सोशल डिस्टेंसिंग दिखी और न ही वहां मास्क लगाने का पलन हो रहा था। यही हाल छोटे बड़े होटलों का भी था। दुकानों पर इस तरह की बेफिक्री ही निश्चित रूप से कोरोना संक्रमण को बढ़ाने में मददगार साबित हो सकती है।
बगैर मास्क के दिखे छात्र-छात्राएं
सोमवार को जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेेेत्रों तक में खुले तमाम स्कूलों में मास्क लगाने को लेकर छात्र-छात्राओं को प्रेरित नहीं किया गया। न ही ऐसे छात्र-छात्राओं का मास्क उपलब्ध कराया गया, जो यूं ही पहुंचे हुए थे। हालांकि प्रशासन का स्पष्ट आदेश है कि विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के बीच कोविड प्रोटोकाल का पूरी तरह पालन कराया जाए। इसके बावजूद इसे लेकर सिर्फ रस्म अदायगी ही हो रही है।
कहीं नहीं दिखी जांच टीमें
डीएम सैमुअल पॉल एन ने कोरोना को फैलने से रोकने के लिए जारी दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को लेकर सभी एसडीएम व पुलिस अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए थे। निर्देशित किया गया था कि अभियान चलाकर मास्क की अनिवार्यता सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही दुकानदारों को भी मास्क लगाने पर जोर दिया जाए। यह भी निर्देशित किया गया था कि यदि कहीं कोई उल्लंघन करता दिखे, तो संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई भी की जाए। डीएम के तमाम दिशा निर्देश के बावजूद सोमवार को जिला मुख्यालय पर कहीं भी किसी तरह का जांच अभियान चलता नजर नहीं आया।
होगा सख्ती से पालन
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए जो भी निर्देश जारी किए गए हैं, उनका सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। कार्रवाई के साथ ही नागरिकों को उनकी जिम्मेदारी का एहसास भी कराया जाएगा। इसमें सामाजिक संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा।
विज्ञापन

डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एडीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें