अंबेडकरनगर। लंबे समय से बिजली की समस्या से जूझ रहे धमरूआ क्षेत्र के लिए अच्छी खबर है। मुख्य अभियंता अयोध्या मंडल बृजेश कुमार ने मंगलवार को नवनिर्मित 33/11 केवी धमरूआ उपकेंद्र का संचालन शुरू करा दिया है। इस नए उपकेंद्र के चालू होने से क्षेत्र की लगभग 50 हजार की आबादी को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
धमरूआ क्षेत्र में बिजली की समस्या काफी समय से थी। पूर्व में यह क्षेत्र जाफरगंज के बेलऊआ बिजली घर से जुड़ा था, जो सल्लापुर, अकबालपुर, धमरूआ, इटौरी, ठट्टा, श्यामपुर, हुसैनपुर विपहन, नेमपुर, महेशपुर, कबूलपुर, रामपुर, खालिसपुर भुसैली, बरौली आसानंदपुर, सिकरोहर, और मालीपुर आदि क्षेत्रों की लगभग 50 हजार आबादी को बिजली आपूर्ति करता था। इस बिजली घर पर क्षमता से अधिक भार होने के कारण उपभोक्ताओं को ट्रिपिंग और अघोषित कटौती जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।
मुख्य अभियंता ने कहा कि नए उपकेंद्र के संचालन से उपभोक्ताओं को अब निर्बाध और बेहतर बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। इस दौरान अधीक्षण अभियंता रजनीश श्रीवास्तव, जेई सतीश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।