फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देवोत्थानी एकादशी आज

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। देवोत्थानी एकादशी पर्व का उल्लास एक दिन पहले ही जिले में चहुंओर दिखा। जिला मुख्यालय से लेकर अन्य छोटे-बड़े बाजारों में सुबह से ही जगह जगह गन्ना, शकरकंद, सिंघाड़ा आदि की दुकानें सज गईं। सुबह से इनकी खरीददारी के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा।
विज्ञापन

पर्व के उल्लास में किसी प्रकार की कमी न रह जाए इसके लिए लोगों ने बढ़-चढ़कर खरीददारी की। एकादशी पर रखे जाने वाले व्रत को लेकर महिलाओं ने भी बाजारों में पहुंचकर न सिर्फ व्रत संबंधित सामानों की खरीददारी की, बल्कि सूप भी खरीदा।
वैसे तो शुक्रवार को देवोत्थानी एकादशी पर्व मनाया जाएगा, लेकिन एक दिन पहले ही इसका उल्लास जिले में चहुंओर दिखाई देने लगा। बाजारों में गन्ना, शकरकंद व सिघाड़े की दुकानें सज गईं। सुबह से ही इनकी खरीददारी के लिए लोगों का संबंधित बाजारों में पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक चलता रहा।
विज्ञापन

बड़ी संख्या में लोगों के बाजार पहुंचने से पूरे दिन संबंधित बाजारों में रौनक छाई रही। गन्ना दुकानदार रामनरेश ने कहा कि विगत वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष गन्ने की अधिक बिक्री हो रही है। हालांकि इसके दाम में विशेष वृद्धि नहीं हुई है। सिंघाड़ा दुकानदार गौतम सोनकर ने कहा कि 55 रुपये प्रति किलोग्राम रेट पर सिंघाड़े की बिक्री की जा रही है। कहा कि एकादशी पर्व के मद्देनजर लोग बढ़-चढ़कर खरीददारी कर रहे हैं। शकरकंद विक्रेता ध्रुव सोनकर ने कहा कि 35 से 45 रुपये प्रति किग्रा बिक्री की जा रही है।
उधर पर्व के दिन मंदिरों में होने वाली पूजा को देखते हुए एक दिन पहले ही मंदिरों की सफाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया। पुराने तहसील तिराहा स्थित गायत्री मंदिर के पुजारी विद्यासागर पांडेय ने बताया कि परिक्रमा करने के लिए आने वाले श्रद्धालु पूजन के लिए मंदिर में भी आते हैं। उन्हें किसी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पवित्र शिवबाबा के महंत ओमप्रकाश गोस्वामी ने बताया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए समुचित व्यवस्था एक दिन पहले ही पूर्ण कर ली गई है।
एकादशी पर्व के मद्देनजर सप्तकोसी परिक्रमा भी होगी। श्रद्धालु पवित्र धार्मिक स्थल श्रवणक्षेत्र से परिक्रमा की शुरुआत करेंगे। अन्नावां बाजार होते हुए पवित्र शिवबाबा पहुंचकर माथा टेकेंगे। इसके बाद अकबरपुर, शहजादपुर लोहा मंडी होते हुए पूर्वी नाका से बाहरी रास्ते से हुए पहितीपुर मार्ग पर निकलेंगे, जहां से अन्नावां बाजार होते हुए वापस श्रवणक्षेत्र पहुंचेंगे। यहां पवित्र सरोवर में डुबकी लगाने के बाद विधिविधान से पूजन करेंगे। श्रवणक्षेत्र में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सफाई समेत अन्य व्यवस्थाएं एक दिन पहले ही पूर्ण कर ली गईं।
देवोत्थानी एकादशी पर्व पर परिक्रमा के लिए उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किये गए हैं। एएसपी अवनीश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रमुख चौराहों के अलावा सार्वजनिक स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। श्रवणक्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम जहां किये गए हैं, वहीं पवित्र शिवबाबा के निकट भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें