अंबेडकरनगर। एनटीपीसी टांडा का 45वां स्थापना दिवस गुरुवार को समारोहपूर्वक मनाया गया। मुख्य अतिथि और मुख्य महाप्रबंधक प्रचालन व अनुरक्षण केएस राव ने एनटीपीसी का ध्वज फहराने के बाद केक काटकर सभी को स्थापना दिवस की बधाई दी।
वहीं गुरुवार रात यूनिट-5 से कामर्शियल उत्पादन शुरू कर दिया गया, इस पर अधिकारियों व कर्मचारियों ने खुशी व्यक्त की। यूनिट-5 से कामर्शियल उत्पादन शुरू होने के साथ ही अब टांडा परियोजना की कुल क्षमता 440 मेगावाट से बढ़कर 1100 मेगावाट हो गई है। साथ ही एनटीपीसी की कुल संस्थापित क्षमता 57 हजार 106 मेगावाट हो गई है।
मुख्य अतिथि ने स्थापना दिवस पर परियोजना के समस्त सदस्यों, सहयोगी संस्थाओं के सदस्यों तथा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों को बधाई दी। कहा कि एनटीपीसी की इस विकास यात्रा में टांडा विद्युत गृह का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने परियोजना के द्वितीय स्टेज का जिक्र करते हुए कहा कि सात नवंबर की रात्रि यूनिट-5 से कामर्शियल उत्पादन प्रारंभ कर दिया गया है।
यूनिट-5 से कामर्शियल उत्पादन शुरू होने के साथ ही टांडा परियोजना की कुल क्षमता अब 440 मेगावाट से बढ़कर 1100 मेगावाट हो गई है। साथ ही एनटीपीसी की कुल संस्थापित क्षमता 57 हजार 106 मेगावाट हो गई है। कहा कि नई यूनिट का चालू होना टांडा परियोजना व उसके आसपास के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे यहां के लोगों के लिए एक नए युग की शुरूआत होगी।
इससे न सिर्फ यहां के लोगों का जीवनस्तर बेहतर होगा, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे और लोगों को कई तरह की सुविधाएं मिलेंगी। महाप्रबंधक ने बताया कि परियोजना में 660 मेगावाट की छठी इकाई का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इससे पहले मुख्य अतिथि केएस राव ने एनटीपीसी का ध्वज फहराकर स्थापना दिवस का शुभारंभ किया। साथ ही केके काटकर सभी को बधाई दी। कहा कि जो भी उपलब्धियां हासिल हुई हैं तो वह एनटीपीसी परिवार के सतत प्रयास व लगन का नतीजा है। कर्मचारियों ने एनटीपीसी गीत भी प्रस्तुत किया। उप प्रबंधक जनसंपर्क राजीव त्रिपाठी ने बताया कि एनटीपीसी अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक गुरदीप सिंह द्वारा किए जा रहे संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इस मौके पर एनटीपीसी के कई अधिकारी समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।