गोविंदसाहब मेले में उमड़े श्रद्धालु।
अंबेडकरनगर। पूर्वांचल के ऐतिहासिक गोविंदसाहब मेले में रविवार को श्रद्धालु पूर्णिमा का स्नान करने के साथ ही विशेष पूजन-अर्चन करेंगे। इस बीच परिसर स्थित गोविंद सरोवर में डुबकी लगाने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिसर में पहुंच गए।
वैसे तो पूर्णिमा के मौके पर मठ सरोवर में स्नान शनिवार मध्यरात्रि से ही शुरू हो गया, लेकिन रविवार सुबह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु डुबकी लगाएंगे और इसके बाद मठ मंदिर में पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। साथ ही मंदिर में खिचड़ी भी चढ़ाएंगे। पूरे दिन यह सिलसिला जारी रहेगा। इस बीच पवित्र स्नान करने व पूजन-अर्चन के लिए शनिवार सुबह से ही न सिर्फ अंबेडकरनगर बल्कि पड़ोसी जनपद आजमगढ़, जौनपुर, संतकबीरनगर, गाजीपुर, गोरखपुर से श्रद्धालु पहुंचने लगे। देर शाम तक यह सिलसिला जारी रहा।
इस बीच परिसर में पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने परिसर में लगी दुकानों पर पहुंचकर जमकर खरीदारी की। साथ ही झूले का भी आनंद लिया। वहीं मां वैष्णो देवी मंदिर सरीखे बने मंदिर में जाकर श्रद्धालुओं ने विशेष पूजा-अर्चना भी की।