जलालपुर (अंबेडकरनगर)। नगर पालिका परिषद जलालपुर में बुधवार को बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। इसमें विकास कार्यों समेत वेतन व मानदेय भुगतान आदि के लिए 37 करोड़ 7 लाख 6 हजार 832 रुपये का वार्षिक बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। इस बार का बजट गत वर्ष के सापेक्ष 10 करोड़ रुपये अधिक है। इस धनराशि से सड़क, नाला, मार्ग प्रकाश व अन्य सामानों की खरीदारी की जाएगी। विस्तारित क्षेत्र में जरूरी विकास कार्य कराए जाने पर भी बल दिया गया।
बुधवार को नगर पालिका परिषद जलालपुर बोर्ड की बैठक में अध्यक्ष फरजाना खातून ने नगर के विकास का खाका खींचा। अध्यक्ष ने सभी को भरोसा दिलाया कि नगर के विकास में किसी प्रकार की कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगी। सभी क्षेत्रों में समान विकास के कार्य कराए जाएंगे। बताया कि विस्तारित क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य होगा। अध्यक्ष के संबोधन के साथ ही सर्वसम्मति से 37 करोड़ 7 लाख 6 हजार 832 रुपये का बजट पास किया गया। अधिशाषी अधिकारी धर्मेंद्र बहादुर सिंह ने ताया कि यह बजट वर्ष 2022-23 के लिए पास किया गया है। इस रकम से वेतन व मानदेय भुगतान के साथ ही जलालपुर नगर पालिका क्षेत्र का समुचित विकास सुनिश्चित किया जाएगा। इसमें 18 करोड़ रुपये से सड़क व नाला का निर्माण होगा। 17 करोड़ रुपये की लागत से वेतन व अन्य सामग्रियों की खरीदारी होगी।
लिपिक आज्ञाराम वर्मा ने गत वर्ष के 27 करोड़ रुपये के बजट का ब्यौरा प्रस्तुत किया। सभासदों ने विस्तारित क्षेत्र में विकास कार्य को प्राथमिकता दिए जाने की मांग की। भीषण गर्मी के बीच जलालपुर नगर में पेयजल व्यवस्था को बेहतर करने की मांग की। कहा कि कई क्षेत्रों में पेयजल का संकट है। ऐसे में नगर पालिका प्रशासन इसे गंभीरता से लेते हुए दूर कराए। सड़क, मार्ग प्रकाश व साफ सफाई के साथ ही सरकार की योजना को बेहतर तरीके से क्रियान्वित किए जाने की मांग की। इस मौके पर सभासद आशाराम, शीतल सोनी, संतोष सोनी, मेराज आलम, फरियाद, अब्दुलरब, जीशान व केशव श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।