प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को यहां गोपालपुर बाग में आयोजित नामांकन जनसभा में कटेहरी विधानसभा क्षेत्र को गोद लेने की घोषणा की। इससे पहले बीते दिनों कटेहरी पहुंचे सपा राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने भी कटेहरी को गोद लेने का वादा किया था। इस बीच डिप्टी सीएम ने सांसद लालजी वर्मा का नाम लिए बगैर कहा कि इनको सबकुछ अपने परिवार के लिए ही चाहिए। कटेहरी की जनता इससे नाराज है। वह सही से सबक सिखाएगी।
भाजपा प्रत्याशी के नामांकन को लेकर आयोजित जनसभा में डिप्टी सीएम ने प्रदेश में कानून व्यवस्था की मजबूत स्थिति, बेहतर बिजली आपूर्ति तथा तेजी से होते विकास का प्रमुखता का जिक्र किया। कहा कि सभी वर्गोंं का बिना भेदभाव विकास हो रहा है। पात्रोंं को अब योजनाओं के लिए दौड़ना नहीं पड़ रहा है। कहा कि लोकसभा चुनाव में खटाखट, फटाफट जैसे झूठे वादे बेनकाब हो गए हैं। कई अन्य तरह की जो बातें विपक्षियों ने की थी उसे जनता भली भांति समझ गई है।
डिप्टी सीएम ने कटेहरी को गोद लेने की घोषणा करते हुए कहा कि समूचे विधानसभा क्षेत्र का व्यापक विकास कराया जाएगा। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के सरल व्यवहार का जिक्र करते हुए कहा कि इन सबका लाभ भी भाजपा को मिलने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राशन योजना समेत अन्य योजनाओं का जो लाभ जनता को बड़े पैमाने पर मिल रहा है। उसके चलते उपचुनाव में सभी नौ सीट पर भाजपा की जीत तय है।
जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि अब बहू बेटियां कटेहरी से लेकर अयोध्या तक रात में भी आसानी से आ जा रही हैं। समूचे प्रदेश में अब कानून व्यवस्था का राज है। जबकि पहले के शासन में गुंडों का राज हुआ करता था। सभा को आयुष मंत्री दयाशंकर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष धमेंद्र सिंह, जिला प्रभारी पदमसेन चौधरी, प्रदेश महामंत्री संजय राय, जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी, एमएलसी हरिओम पांडेय, पूर्व सांसद रितेश पांडेय, पूर्व जिपं अध्यक्ष सुधा वर्मा, चंद्रिका प्रसाद आदि ने संबोधित किया।
मंच पर पालथी मारकर बैठे मंत्री
उपचुनाव में मतदाताओं को रिझाने के लिए शुक्रवार को आयोजित जनसभा में भाजपा नेताओं ने दिलचस्प तरीका अपनाया। हुआ यह कि मंच पर नेताओं के बैठने के लिए न तो कुर्सी थी और न ही सोफा। हालांकि सामने आम लोगों के लिए विधिवत कुर्सियां लगी हुई थीं। डिप्टी सीएम समेत दोनों मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता मंच पर पलथी मारकर बैठे। इसके बाद बारी बारी से उठकर वे मंच को संबोधित करते रहे। भाजपा नेताओं का यह तरीका खासी चर्चा में भी रहा।
फिसली भाजपा प्रत्याशी की जुबान
लगभग दो दशक तक बसपा की राजनीति करने वाले पूर्व मंत्री धर्मराज निषाद की जुबान शुक्रवार को कटेहरी उपचुनाव में भाजपा की तरफ से नामांकन करने के बाद फिसल गई। बसपा शासन में मत्स्य मंत्री रह चुके धर्मराज कलेक्ट्रेट में नामांकन करने के बाद गोपालपुर बाग में आयोजित नामांकन जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। उन्होंने सभा में लोगों को संबोधित करते हुए कमल निशान की बजाए हाथी चुनाव चिह्न के सामने वाली बटन दबाने का आह्वान कर डाला। हालांकि उन्हें फौरन ही अपनी गलती का एहसास हो गया। उन्होंने कमल निशान के सामने वाली बटन दबाकर लोगों से विधिवत समर्थन मांगा।
कटेहरी के गोपालपुर में भाजपा के नामांकन जनसभा में मौजूद उप मुख्यमंत्री व अन्य।