अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर के बीएन इंटर कॉलेज के करीब 15 सौ विद्यार्थियों को शिक्षकों की कमी के कारण हो रही परेशानी से छुटकारा मिला है। आयोग से चयनित हुए अंग्रेजी व गणित विषय के तीन शिक्षकों की कालेज में तैनाती हुई है। नए तैनात शिक्षकों में दो गणित व एक अंग्रेजी विषय की पढ़ाई कराएगा। शुक्रवार को तीनों शिक्षकों ने कॉलेज पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इसके साथ ही कालेज के निलंबित प्रधानाचार्य की जगह वरिष्ठ शिक्षक राकेश मिश्र को काम काज सौंपा गया है।
अकबरपुर नगर का बीएन इंटर कॉलेज करीब 4 दशक से अधिक पुराना है। कॉलेज में शिक्षा ग्रहण करने के लिए दूरदराज से छात्र छात्राएं आते हैं। यहां काफी लंबे समय से अंग्रेजी व गणित विषय के शिक्षकों के पद रिक्त चल रहे था। इसका खामियाजा यहां पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा था। आयोग ने लंबे समय से चल रही इस परेशानी को तीन नए शिक्षकों की तैनाती से काफी हद तक दूर कर दिया है।
गणित विषय के दो शिक्षकों में प्रवक्ता पद पर डॉ रीना श्रीवास्तव एवं सहायक अध्यापक गणित विषय अनुराग चतुर्वेदी को और अंग्रेजी विषय के लिए सहायक अध्यापक राजमणि को तैनाती दी गयी है। इन तीन शिक्षकों की नई तैनाती होने से कॉलेज में कक्षा 9 से 12 तक अध्ययनरत करीब 1500 छात्र छात्राओं को बेहतर शिक्षा का सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा कॉलेज में प्रधानाचार्य विपिन सिंह के निलंबन के बाद प्रधानाचार्य पद पर कॉलेज के वरिष्ठ शिक्षक राकेश कुमार मिश्र को तैनात किया गया है।