अंबेडकरनगर। भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक कार्यकर्ताओं ने सोमवार को वादाखिलाफी दिवस मनाते हुए कलेक्ट्रेट के निकट प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों के लिए जो वादा किया था, उसे पूरा नहीं किया गया। किसान मुश्किलों से जूझ रहे हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।
अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार ने कहा कि सरकार ने वादा किया था कि 15 जनवरी तक संयुक्त किसान मोर्चा की बैठक कराकर पांच किसान नेताओं की कमेटी बनाई जाएगी। तमाम आश्वासन के बाद भी अब तक न तो बैठक हो सकी और न किसी भी प्रकार की कमेटी गठित की गई। भारत सरकार की ओर से सभी फसलों पर एमएसपी गारंटी कानून बनाए जाएंगे का भी आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसे भी पूरा नहीं किया गया था।
आंदोलन के दौरान किसानों पर दर्ज मुकदमों को बगैर किसी शर्त पर वापस लिए जाने का वादा किया गया था। अब तक वापस नहीं लिए गए। चलाकू पाल, कृष्णकुमार, मकरध्वज सिंह, आशाराम, राजकुमार, पवन कुमार, भागीरथी यादव, सुनीता देवी, फातिमा खातून ने कहा कि 750 किसान आंदोलन के दौरान शहीद हुए थे, लेकिन वादे के बावजूद अब तक पीड़ित परिवारों को न तो मुआवजा दिया गया और न ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी ही दी गई। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया।