अंबेडकरनगर। बिजली की फॉल्ट ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आने से झुलसे संविदा कर्मचारी की सोमवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।
आदमपुर तिंदौली निवासी विपुल कुमार पावर काॅर्पोरेशन में निविदा लाइनमैन था। 24 सितंबर को वह तिंदौली में ही शटडाउन लेकर बिजली ठीक कर रहा था। इसी दौरान बिजली आपूर्ति शुरू कर दिए जाने से वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने विपुल को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में भर्ती कराया, जहां सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसडीओ भीटी ने बताया कि कर्मचारी के परिजनों को पांच लाख रुपये का मुआवजा दिए जाने के साथ ही परिवार के एक सदस्य को नौकरी भी दी जाएगी।