भीटी। राइस मिल में बिजली की मोटर के पट्टे में फंसकर अधेड़ की मौत हो गई। घटना की जानकारी शुक्रवार सुबह उस समय हो सकी, जब परिजन राइस मिल पहुंचे। वहां का नजारा देख सभी सन्न रह गए। अधेड़ पट्टे व मोटर के बीच शव फंसा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मामला भीटी थाना क्षेत्र के रामपुर गिरंट के मजरे मझली का है। रामकुबेर (55) पुत्र दुर्बली ने गांव के बाहर आटा चक्की व राइस मिल लगा रखी है। गुरुवार को वह भोजन के बाद राइस मिल पर पहुंचा। शुक्रवार सुबह रामकुबेर के घर न पहुंचने पर परिजन राइस मिल पहुंचे। वहां का नजारा देख उनके होश उड़ गए। रामकुबरे की मोटर व पट्टे के बीच में फंसकर मौत हो चुकी थी। परिजनों का शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया पट्टे में फंसकर मौत लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।