अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में सीहमई गांव के पास शारदा सहायक नहर में गुरुवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक के शव को देखते हुए प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा था कि कहीं अन्यत्र हत्या कर शव नहर में लाकर फेंक दिया गया। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने शव की पहचान के प्रयास के साथ ही मामले में छानबीन शुरू कर दी है।
कुछ ग्रामीण सुबह अकबरपुर बनगांव मार्ग पर सीहमई गांव के पास स्थित शारदा सहायक नहर की पुलिया की तरफ गए, तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। नहर में एक युवक का शव पड़ा हुआ था। इसकी जानकारी मिलते ही कुछ ही देर में आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। शव की पहचान का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इस बीच जानकारी होते ही अकबरपुर कोतवाल अमित कुमार सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने भी शव की पहचान का काफी देर तक प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। शरीर पर मौजूद कपड़ों की तलाशी ली गई, लेकिन उसमें भी पहचान संबंधित कोई भी सामग्री नहीं मिल सकी।
उधर, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि कहीं अन्यत्र हत्या कर शव को शारदा सहायक नहर में लाकर फेंक दिया गया है। कोतवाल ने बताया कि शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं है। शव की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। उम्र लगभग 24 वर्ष लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है।