जलालपुर (अंबेडकरनगर)। कोतवाली क्षेत्र के पट्टी चौराहे पर मंगलवार सुबह युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हत्या की आशंका में जलालपुर कोतवाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। युवक के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा। मामले की जांच की जा रही है।
मालीपुर थाना क्षेत्र के चांदीपुर निवासी दीपक मिश्र (32) सोमवार शाम करीब पांच बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह पट्टी चौराहे पर चारपाई खरीदने जा रहा है। उसने घरवालों से एक हजार रुपये भी लिए थे। देर शाम तक वापस न आने पर परिजनों ने खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इस बीच मंगलवार सुबह गांव के निकट बाजार पट्टी चौराहे पर उसका शव पड़ा मिला। जानकारी मिलते ही परिजन और जलालपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
युवक के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए। उसका मोबाइल व साइकिल गायब मिली। हत्या की आशंका को देखते हुए एहतियातन थोड़ी ही देर में मौके पर भारी पुलिस बल बुला लिया गया। युवक के पिता ने बताया कि दीपक नशे का आदी था। घटना कैसे हुई, यह हमें अभी जानकारी नहीं हो पाई है।
उधर, कोतवाल संजय कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों ने हत्या की तहरीर नहीं दी है। फिलहाल मामला सड़क हादसे का लग रहा है, लेकिन हत्या की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। इसके बाद प्रकरण में जरूरी कार्रवाई की जाएगी।