टांडा। बीते मंगलवार को लापता हुए वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बुधवार को सरयू नदी में उतराता मिला। इससे परिवारीजनों में कोहराम मच गया। जानकारी होते ही टांडा कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गौरतलब है कि बीते मंगलवार की सुबह अलीगंज थाना क्षेत्र के मुसहां निवासी 58 वर्षीय मोहम्मद मूसा घर से निकले थे और इसके बाद वापस नहीं लौटे। विलंब होने पर परिवारीजनों ने खोजबीन की लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। परिवारीजनों ने इसकी सूचना अलीगंज पुलिस टीम को दी। पुलिस भी मामले में छानबीन कर रही थी कि इस बीच बुधवार सुबह टांडा कोतवाली क्षेत्र के राजघाट के पास सरयू नदी में उसका शव पानी में उतराता मिला।
शव मिलने की सूचना पर टांडा कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिखकर शिनाख्त कराई। जानकारी होने पर परिवारीजन भी मौके पर पहुंचे। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में छानबीन की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चला सकेगा।