अंबेडकरनगर। भीटी थाना क्षेत्र के सया गांव स्थित ननिहाल में रह रहे लापता युवक का एक दिन बाद शव पेड़ से लटकता मिला। इससे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी पर पहुंची भीटी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, और मामले की छानबीन में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार अयोध्या जनपद के तारुन थाना क्षेत्र के मुक्तापुर गांव निवासी विजय कुमार (20) पुत्र जियाराम भीटी थाना क्षेत्र के सया स्थित अपनी ननिहाल में रहता था। बताया जाता है कि वह रविवार को अचानक लापता हो गया। परिवारीजन ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नही चला। इसकी सूचना भीटी पुलिस को भी दी गई।
सोमवार को भी विजय की तलाश चल रही थी। इस बीच सोमवार देरशाम उसका शव गांव के बाहर स्थित बाग में एक पेड़ से लटकता मिला। इससे समूचे गांव में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी होते ही भीटी पुलिस टीम गांव पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में जरूरी छानबीन की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिवारीजनों ने मामले में कोई तहरीर नहीं दी है।