बसखारी। सरकार के फैसले के बाद अब एक बार फिर से विश्व प्रसिद्ध किछौछा दरगाह में जायरीन इबादत कर सकेंगे। 10 अक्तूबर से दरगाह जायरीन के लिए खोल दी जाएगी। शुक्रवार को एएसपी ने एसडीएम व सीओ के साथ दरगाह क्षेत्र का भ्रमण कर जायजा लिया। तय हुआ कि सैनिटाइजेशन के बाद एक बार में पांच लोगों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
अब धार्मिक स्थलों में प्रवेश की अनुमति दी गई है तो दरगाह इंतजामिया कमेटी ने अधिकारियों के साथ मिल कर तय किया कि दरगाह 10 अक्तूबर से जायरीन के लिए खोल दी जाए। इस निर्णय के बाद व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एएसपी अवनीश कुमार मिश्र शुक्रवार अपरान्ह किछौछा दरगाह क्षेत्र पहुंचे। यहां उन्होंने एसडीएम व सीओ टांडा समेत अधिशाषी अधिकारी नगर पंचायत, थाना प्रभारी व इंतजामिया कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक की। तय किया कि दरगाह क्षेत्र में भीड़ नहीं लगने दी जाएगी।
शासन की गाइड लाइन का पूरी तरह पालन होगा। दरगाह में प्रवेश करने वाला प्रत्येक व्यक्ति सैनिटाइज किया जाएगा। एक बार में पांच से अधिक व्यक्तियों को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इससे पहले सज्जादानशीन मोहिउद्दीन अशरफ ने गुरुवार को दरगाह पहुंचकर बाकायदा गेट खुलवाया और अंदर जाकर दर्शन किया। सज्जादानशीन ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का प्रबंध शनिवार से रहेगा। इस मौके पर इंतेजामिया कमेटी अध्यक्ष मौलाना आफताब, मेराजुद्दीन किछौछवी, सैय्यद खलीक अशरफ आदि मौजूद रहे।