बृहस्पतिवार शाम को श्रवण धाम में आरती के दौरान मौजूद श्रद्धालु।
श्रवण क्षेत्र (अंबेडकरनगर)। मातृ-पितृ भक्ति के लिए प्रसिद्ध श्रवण धाम में अब काशी की तर्ज पर डमरू आरती की गूंज सुनाई देगी। आगामी सोमवार से संगम तट पर होने वाली दैनिक संध्या आरती को डमरू आरती का स्वरूप दिया जाएगा। इससे श्रवण धाम की शाम धार्मिक आस्था और भक्ति के नए रंग में नजर आएगी।
बृहस्पतिवार को संगम तट पर दैनिक संध्या आरती हुई। पंडित सुनील मिश्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने संगम तट पर खड़े होकर आरती की और प्रसाद ग्रहण किया। संगम घाट के पुजारी सुनील मिश्रा ने बताया कि सोमवार से काशी की तर्ज पर डमरू आरती शुरू की जाएगी। इसके बाद प्रतिदिन संध्या आरती डमरू की धुन के साथ आयोजित होगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह है। बृहस्पतिवार की आरती में अच्छे लाल गोस्वामी, अरुण सिंह, महेंद्र गौड़, लक्ष्मी वंदना चतुर्वेदी, ओमप्रकाश गुप्ता, देवेंद्र प्रजापति समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।