अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन कराने के लिए पहुंचे मरीजों के लिए सोमवार का दिन राहतभरा रहा। बीते शनिवार को आई तकनीकी गड़बड़ी को दूर करने के बाद सोमवार को सुचारु रूप से सीटी स्कैन का कार्य हुआ। इस दौरान लगभग 70 मरीजों का सीटी स्कैन हुआ। इससे मरीजों ने की राहत की सांस ली।
बीते शनिवार को कोटवा महमदपुर से जिला अस्पताल को की जाने वाली विद्युत आपूर्ति के लिए अंडरग्राउंड केबल राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज के पास जल गई थी। इससे जिला अस्पताल की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई थी। जनरेटर के माध्यम से एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड जांच तो हो गई थी, लेकिन सीटी स्कैन का कार्य पूरी तरह से ठप हो गया था।
नतीजा यह रहा था कि शनिवार को सीटी स्कैन कराने के लिए आने वाले मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा था। हालांकि जिम्मेदारों ने आश्वस्त किया था कि गड़बड़ी दूर कर सोमवार से सुचारु रूप से सीटी स्कैन होने लगेगा। हुआ भी यही, रविवार को ही जली केबल को बदल दिया गया, जिससे जिला अस्पताल में फिर से सुचारु विद्युत आपूर्ति शुरू हो गई। इससे सोमवार को सीटी स्कैन सुचारु रूप से शुरू हो गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार सोमवार को लगभग 70 मरीजों का सीटी स्कैन हुआ। उधर, सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि सोमवार को सीटी स्कैन का कार्य सुचारु रूप से चला। इस दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन किया गया।