थाना क्षेत्र अहिरौली अंतर्गत कटेहरी बाजार के निकट बेकाबू कार ने एक साइकिल सवार को रौंद दिया। इसके बाद वह सड़क किनारे स्थित एक पेड़ से जा टकराई। कार चला रहे युवक समेत साइकिल सवार की मौके पर मौत हो गई जबकि कार में आगे बैठे सीआरपीएफ जवान ने जिला अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया।
कार सवार एक वनकर्मी को गंभीर दशा में फैजाबाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। शुक्रवार दोपहर अकबरपुर से फैजाबाद की तरफ जा रही कार कटेहरी बीआरसी कार्यालय के निकट बेकाबू हो गई। इसके बाद सामने से आ रहे साइकिल सवार युवक को रौंदती हुई सड़क किनारे स्थित पेड़ से टकरा गई।
घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। दुर्घटना इतनी तेज थी कि कार के परखचे उड़ गए। साइकिल चला रहे अहिरौली थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी अवधेश (30) पुत्र राधेश्याम की मौके पर ही मौत हो गई।
वह देव इंद्रावती महाविद्यालय कटेहरी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के तौर पर तैनात था। कार चालक सिद्धार्थनगर निवासी प्रवीण (32) पुत्र हीरालाल की भी मौके पर मौत हो चुकी थी। आनन-फानन में इन दोनों के अलावा कार सवार दो अन्य घायलों को भी जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
वहां चिकित्सकों ने संतकबीरनगर के लखनपाल निवासी सीआरपीएफ जवान संदीप (24) पुत्र नंदलाल को भी मृत घोषित कर दिया। कार सवार गोरखपुर जनपद में वनरक्षक के तौर पर कार्यरत देवेंद्र (28) पुत्र झगरू निवासी सरैया बाजार को गंभीर दशा में जिला अस्पताल फैजाबाद रेफर कर दिया गया।
उधर घटना की जानकारी मिलने के बाद अकबरपुर पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचकर तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसओ अहिरौली विजय सिंह के मुताबिक कार सवार लोग परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पवित्र शिवबाबा धाम पर दर्शन करने आए हुए थे।
सभी लोग गुरुवार को यहां पहुंचे थे और कटेहरी बाजार के निकट स्थित एक बंद पड़े ढाबे के गेस्टहाउस में रुके हुए थे। शुक्रवार को दर्शन के बाद परिवार की महिला सदस्य दूसरी कार से गेस्ट हाउस पर चली गईं। प्रवीण, अवधेश व संदीप खाना लाने के लिए शिवबाबा से कार से अन्नावां बाजार रुक गए। तीनों युवक खाना लेकर कटेहरी जा रहे थे। इसी बीच यह घटना हो गई।