अकबरपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर ट्रेन पर चढ़ने के लिए मशक्कत करते यात्री।
अंबेडकरनगर। त्योहार पर हर कोई अपने घर पहुंचना चाहता है। ईद के चलते ट्रेनों में भीड़ चल रही है। लोगों को ईद-उल-फितर में शामिल होने के लिए घर वापसी का कन्फर्म टिकट तो मिल ही नहीं रहा है। वहीं ट्रेनें खचाखच भरकर रवाना हो रही हैं। शनिवार को हालात यह रहे कि ट्रेन के अनारक्षित कोच में ही क्षमता से दो गुना ज्यादा यात्री सवार होकर गाड़ियां रवाना हो रही हैं।
वहीं, आरक्षित कोच का हाल भी अनारक्षित जैसा नजर आया। पूरी ट्रेन में कहीं पैर रखने की जगह नहीं थी। गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोगों को किसी तरह साधारण कोच में धक्का-मुक्की के बीच यात्रा करनी पड़ रही है। बड़ी संख्या में यात्री कोच के अंदर खड़े और गेट पर लटके नजर आए। कोटा पटना एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे यात्री शफीक और शबाना ने बताया कि कन्फर्म टिकट नहीं मिल पाया है। जनरल कोच में यात्रा करनी पड़ेगी।
गाड़ी में भीड़ देखकर पटना तक का सफर मुश्किल भरा लग रहा है। ट्रेन के अंदर दाखिल होने के लिए मशक्कत करनी पड़ेगी। खैर ट्रेन का भोंपू बजा और चल पड़ी। इस दौरान एक बुजुर्ग महिला चलती ट्रेन में चढ़ती नजर आई, लेकिन कोई सुरक्षा कर्मचारी वहां मौजूद नहीं था। यही हाल फरक्का एक्स्रपेस, गंगा सतलज व अन्य ट्रेनों का रहा। स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि त्योहारों की वजह से भीड़ बढ़ रही है। इसके कारण यात्रियों को आवागमन में असुविधा हो रही है।