अकबरपुर क्षेत्र में चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान आग की चपेट में आकर एक महिला व एक किशोरी गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया है।
अकबरपुर थानान्तर्गत ग्राम अहरिया निवासी रीता (23) सोमवार दोपहर चूल्हे पर खाना बना रही थी। इस दौरान निकली चिंगारी से उसके कपड़े में आग लग गई। आग बुझाने का प्रयास करने के साथ रीता ने मदद के लिए शोर मचाया। परिवारीजन पहुंचे तो रीता पूरी तरह आग की लपटों से घिरी थी। किसी प्रकार आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी।
आननफानन में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के अनुसार महिला करीब 95 प्रतिशत झुलस चुकी थी। ऐसे में उसे ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया गया। अकबरपुर क्षेत्र में ही ग्राम मीरपुर शेखपुर निवासी रीमा (16) के कपड़ों में सोमवार सुबह चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान आग लग गई।
शोर सुनकर दौड़े परिवारीजन जब तक आग बुझाते, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। 90 प्रतिशत झुलसने के चलते रीमा को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचर के बाद ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर कर दिया।