थाना क्षेत्र के पंथीपुर गांव में लूट के एक मुकदमे में जमानत पर रिहा हुए आरोपी से पूछताछ करने आई पुलिस टीम को परिवारीजनों व ग्रामीणों ने दौड़ा लिया और दो पुलिसकर्मियों की जमकर पिटाई की। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। इस दौरान मौका पाकर आरोपी गांव से भाग निकला।
बाद में, पुलिस ने पुलिस ने आरोपी के एक रिश्तेदार को दबोच लिया और शांतिभंग की आशंका में उसका चालान कर दिया। हालांकि, पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम से इनकार कर रही है। जानकारी के मुताबिक, पंथीपुर गांव निवासी सुशील हाल ही में लूट के एक मामले में जमानत पर जेल से रिहा होकर आया था। पुलिस को एक मामले में सुशील से पूछताछ करनी थी।
इसीलिए रविवार दोपहर बसखारी थाने के दरोगा शशिकांत व जलालपुर थाने के सिपाही सुनील व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ सुशील के गांव पहुंची। टीम जैसे ही सुशील के घर के सामने पहुंची, तभी वहां सुशील मिल गया। टीम ने उससे साथ चलने को कहा तो उसने घर के अंदर जाकर कपड़ा पहनने का हवाला दिया।
पुलिसकर्मियों ने कपड़ा बाहर ही मंगाने पर जोर दिया। इस बीच परिवार के सदस्य व कुछ ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने पुलिस का विरोध शुरू कर दिया। बताया जाता है कि इसी बीच सुशील घर के अंदर गया।
उसके बाद परिवार की महिलाओं व कुछ अन्य ग्रामीणों ने लाठी-डंडा व झाडू़ आदि लेकर पुलिसकर्मियों को दौड़ा लिया। पुलिसकर्मी पहले तो बचने के लिए पीछे हटे। इसके बाद उन्होंने सख्त रुख अपनाया और आगे बढ़े। हालांकि तब तक सुशील घर से नदारद हो चुका था।
पुलिस ने इस पर सुशील के घर आए उनके एक रिश्तेदार अवधेश को पकड़ लिया और थाने ले आए। पुलिस ने अवधेश के विरुद्घ शांतिभंग की आशंका का मामला दर्ज किया और चालान कर दिया।