थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर मंडप गांव के बाहर बुधवार सुबह संदिग्ध हालात में एक ग्रामीण का शव पेड़ से लटकता मिला। इससे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव नीचे उतारा। परिवारीजनों ने किसी प्रकार की कोई तहरीर नहीं दी है। बुधवार सुबह महेशपुर मंडप गांव के कुछ लोग नित्यक्रिया के लिए निकले थे।
उन्होंने गांव निवासी हरीलाल (50) का शव एक पेड़ से लटकता देखा तो सन्न रह गए। शव रस्सी के सहारे लटक रहा था। जानकारी मिलते ही परिवारीजन भी रोते-पीटते मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई तो थानाध्यक्ष भी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने शव पेड़ से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने छानबीन शुरू की तो ग्रामीणों ने बताया कि हरीलाल नशे का आदी था। वह मंगलवार शाम भी शराब के नशे में घर पहुंचा था। वहां उसका पत्नी से विवाद हो गया जिसके बाद उसने पत्नी की पिटाई कर दी। बीच-बचाव के लिए आई पुत्रवधू को भी उसने पीट दिया। इस सबको लेकर परिवार में काफी देर तक हंगामे का माहौल रहा।
पुलिस को परिवारीजनों ने बताया कि किसी बात से नाराज होकर हरीलाल ने गांव के बाहर जाकर खुदकुशी कर ली है। परिवार में कोई मारपीट नहीं हुई थी। थाना प्रभारी शिवनरायन भगत ने बताया कि परिवारीजनों ने आत्महत्या की जानकारी दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति पूरी तरह साफ हो सकेगी।