अंबेडकरनगर के इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के बाद मौके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
बंजर भूमि के विवाद में मंगलवार को पीट-पीट कर एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली गई। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के महुवारी गांव में भूमि विवाद के दौरान एक पक्ष से पहुंची वृद्ध महिला की पिटाई कर दिए जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे गांव में आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने गांव पहुंचकर स्थिति को संभाला। बाद में मृतका के पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी नंगा पुत्र बीरतंती पक्ष मंगलवार को गांव के बाहर स्थित लगभग ढाई बीघा भूमि की जेसीबी मशीन से खुदाई करा रहा था। इसी बीच गांव का झिनकऊ वहां पहुंच गया और संबंधित भूखंड को खुद की भूमि बताकर खुदाई का विरोध करने लगा।
विवाद उस समय और भी बढ़ गया, जब नंगा पक्ष ने संबंधित भूमि पर लगे एक पेड़ को काटना शुरू कर दिया। झिनकऊ ने कहा कि यह पेड़ उसने लगाया है। ऐसे में वह इसे नहीं काट सकता। यह भी कहा कि जब तक लेखपाल न आ जाए और भूमि की पैमाइश न कर ले, तब तक खुदाई भी नहीं करने देगा।
इस पर नंगा पक्ष आक्रोशित हो उठा और झिनकऊ की लाठी-डंडे से पिटाई शुरू कर दी। गुहार पर बीच बचाव करने पहुंची झिनकऊ की मां पार्वती(80) पत्नी बिरजू को भी नंगा पक्ष ने लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।
वृद्धा की मौत होते ही हमलावर वहां से भाग खड़े हुए। घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इस बीच सूचना मिलते ही एसओ राजेश यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। साथ ही शव को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की।
ग्रामीणों के अनुसार संबंधित भूमि बंजर थी, जिस पर दोनों ही पक्ष अपना अपना कब्जा जता रहे थे। उधर बाद में पुलिस ने मृतक के पुत्र झिनकऊ की तहरीर पर नंगा पुत्र बीरतंती, रामनरायन पुत्र नंगा व मंशाराम पुत्र मंगरू के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया। एसओ राजेश ने बताया कि तीन आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।