पुलिस की रात्रि गश्त को धता बताते हुए चोरों ने जिला मुख्यालय स्थित बैंक आफ बड़ौदा मुख्य शाखा में सेंध लगा दी। बैंक प्रशासन के अनुसार कैश पूरी तरह सुरक्षित है। सोमवार को घटना की जानकारी होते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पहले सीओ सदर, फिर एएसपी ने बैंक पहुंचकर जायजा लिया। सीसीटीवी कैमरे में कैद चोर की पहचान का प्रयास करने में पुलिस जुट गई है।
अकबरपुर नगर स्थित बैंक आफ बड़ौदा मुख्य शाखा में सोमवार सुबह कर्मचारी जब कार्यालय खोलकर अंदर पहुंचे, तो वहां बैंक के पीछे की दीवार में सेंध लगी हुई थी। अंदर ऑफिस कुछ फाइलें भी इधर उधर बिखरी पड़ी हुई थीं। इसकी जानकारी प्रभारी शाखा प्रबंधक सुदर्शन प्रताप को दी। प्रभारी शाखा प्रबंधक ने कार्यालय पहुंचकर कैश चैंबर की जांच की।
इस बीच सेंध लगने की जानकारी पुलिस प्रशासन को मिली, तो उनमें हड़कंप मच गया। एएसपी ओपी सिंह, सीओ सदर धर्मेंद्र सचान दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने बैंक परिसर का सघनता से जायजा लिया। साथ ही कर्मचारियों से आवश्यक पूछताछ की। प्रभारी शाखा प्रबंधक ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि कैश पूरी तरह से सुरक्षित है।
एएसपी ओपी सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखा गया है। उसमें एक चोर दिखाई दे रहा है। सेंध से बाहर निकलते समय उसके हाथ में कुछ नहीं था। फुटेज के आधार पर चोर की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। सीओ सदर धमेंद्र सचान ने बताया कि अभी प्रभारी शाखा प्रबंधक ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।