आशा बहू पत्नी को सीएचसी छोड़ने गया युवक शनिवार को लापता हो गया। रविवार सुबह उसकी लाश जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सीताघाट के माइनर में पड़ी मिली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से युवक का शव माइनर से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की हत्या किसने और किन कारणों से की? ये अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। परिवारीजनों ने भी किसी पर शक नहीं जताया है। मामले में युवक के चाचा ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
जैतपुर थाना अंतर्गत बीबीपुर गांव निवासी कौशल यादव (32) पुत्र हरीलाल की पत्नी आशा बहू है और आजमगढ़ की अतरौलिया सीएचसी में तैनात है। वहीं उसका मायका भी है। कौशल प्रतिदिन पत्नी को बाइक से सीएचसी छोड़ने और लेने जाता था। शनिवार सुबह कौशल पत्नी को सीएचसी छोड़कर घर के लिए निकला मगर वहां पहुंचा नहीं। परिवारीजनों ने उसका फोन मिलाया मगर वो मोबाइल स्विच ऑफ होने के चलते बात नहीं हो सकी। शाम को ड्यूटी खत्म होने पर भी वह पत्नी को लेने सीएचसी नहीं पहुंचा। इस पर वो अपने भाई के साथ घर लौटी। अनहोनी की आशंका से परेशान परिवार के लोगों ने कौशल की तलाश शुरू की मगर उसका कुछ पता नहीं चला।
इस बीच रविवार भोर में कुछ ग्रामीण सीताघाट स्थित माइनर की तरफ गए तो वहां कीचड़ में कौशल का शव पड़ा मिला। उसका जबड़ा फटा था और गले पर काला निशान था। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसे गला दबाकर मारा गया हो। लाश से कुछ दूर कीचड़ में कौशल की बाइक भी पड़ी मिली। सूचना गांव पहुंची, तो परिवारीजन मौके पर पहुंचे। इस बीच खबर पाकर पुलिस भी पहुंच गई और शव को कीचड़ से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ओपी शर्मा ने बताया कि मृतक कौशल के चाचा मुन्नीलाल ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। उधर, पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।