पोस्टमार्टम हाउस में मृतक के परिवारीजन
- फोटो : अमर उजाला
महरुआ। थाना अंतर्गत लोहरा बरामदपुर गांव में शनिवार देर शाम भूमि विवाद में एकजुट लोगों ने किसान बलिकरन निषाद (48) की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। सरेआम वारदात से गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक की पत्नी की तहरीर पर चार के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गांव निवासी बलिकरन निषाद (48) पुत्र मग्घू को मछली पालन के लिए गांव के बाहर स्थित तालाब का पट्टा मिला था। गांव निवासी सभाजीत पांडेय के अनुसार, बलिकरन ने उनके भू-भाग पर भी कब्जा कर रखा था। हालांकि, बलिकरन का कहना था कि सभाजीत ने अतिक्रमण कर रखा है। इसे लेकर कई बार दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका था। विवाद के चलते गत 25 अप्रैल को डॉयल 100 पुलिस गांव गई थी।
दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया था। इस बीच शनिवार शाम बलिकरन जेसीबी से तालाब की खुदाई कराने पहुंचा। आरोप है कि सभाजीत अपने साथियों के साथ लाठी-डंडा लेकर मौके पर पहुंच गया। उसने तालाब की मनमाने ढंग से खुदाई करने का आरोप लगाते हुए ऐसा करने से रोका, तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। कहासुनी के बीच सभाजीत पक्ष ने बलिकरन की लाठी-डंडों से पिटाई शुरू कर दी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इर्दगिर्द मौजूद लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक मारपीट में गंभीर रूप से घायल बलिकरन बेहोश होकर भूमि पर गिर गया।
लोगों को आता देख हमलावर मौके से भाग खड़े हुए। सांस चलने की उम्मीद में बेहोश बलिकरन को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ अश्विनी कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि मृतक की पत्नी निन्हा देवी की तहरीर पर सभाजीत समेत चार के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।
नौ मई को होना है मृतक की पुत्री का विवाह
भूमि विवाद में बलिकरन की हत्या के बाद घर में कोहराम मचा है। पत्नी निन्हा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यह कहकर बेहोश हुई जा रही कि अब कैसे बिटिया का विवाह हो सकेगा। आगामी 9 जून को पुत्री संजू का विवाह है। इसे लेकर घर में तैयारियां चल रही थीं। विवाह संबंधित सामानों की खरीददारी का सिलसिला शुरू हो गया था। इस बीच शनिवार को हुई घटना के बाद घर में मातम छा गया है। पुत्री संजू की चीख रह-रहकर घर से बाहर आ रही है। स्थानीय लोगों की समझ में नहीं आ रहा कि वे किस प्रकार परिवारीजनों को ढांढस बंधाएं।