टॉफी खिलाने का लालच देकर एक युवक ने चार वर्षीय मासूम ममेरी बहन के साथ दुष्कर्म किया। बालिका के चीख-पुकार पर ग्रामीणों को आता देख आरोपी वहां से भागने लगा। इस पर ग्रामीणों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया और लाठी-डंडे से पिटाई कर दी। पुलिस आरोपी को थाने ले गई। साथ ही गंभीरावस्था में मासूम को जिला अस्पताल भिजवाया।
बाद में पीड़िता के पिता ने केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। महरुआ थाना क्षेत्र के गांव निवासी मनोज रविवार दोपहर थाना क्षेत्र के ही गांव स्थित अपने मामा के यहां गया हुआ था। शाम सात बजे के करीब उसके नाना व मामी गांव के बाहर स्थित खेत में धान की रोपाई करने चले गए। उसका मामा बीमारी के चलते घर के एक कमरे में लेटा हुआ था।
घर में उसके अलावा मामा की चार वर्षीय पुत्री मौजूद थी। इसी बीच मनोज मासूम को टॉफी खिलाने के बहाने घर के पीछे ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। मासूम के चीखने-चिल्लाने पर ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देख आरोपी बालिका को जान से मारने की धमकी देता हुआ वहां से भागने लगा।
इस पर ग्रामीणों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। साथ ही लाठी-डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच जानकारी मिलने पर एसओ अरशद सिद्दीकी दलबल के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को समझा-बुझाकर उनके चंगुल से मनोज को निकाला और साथ लेकर थाने चली गई। साथ ही गंभीर रूप से घायल मासूम को जिला अस्पताल भिजवाया।
बाद में पीड़िता के पिता ने केस दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दी। एसओ अरशद सिद्दीकी ने बताया कि तहरीर मिली है। बालिका का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। केस दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।