आपराधिक मामला दर्ज होने की संभावना
- फोटो : facebook/jamie gilt
बहुचर्चित रामबाबू व राममोहन हत्याकांड मामले में पैरवी कर रहे उनके परिवार से जुड़े वेदप्रकाश गुप्त को जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने मामले में केस दर्ज करने के लिए थाने में तहरीर दे दी है। पीड़ित के अनुसार उन्हें धमकी भरा मैसेज मोबाइल पर प्राप्त हुआ है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि अलीगंज थाना अंतर्गत अलीगंज निवासी हिंदू नेता रामबाबू गुप्त की 3 मार्च 2013 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 4 दिसंबर 2013 को उनके भतीजे व रामबाबू हत्याकांड के मुख्य गवाह राममोहन गुप्त को भी गोली मारकर मौत की नींद सुला दिया गया।
इस मामले में टांडा विधायक अजीमुलहक पहलवान का नाम भी जोरशोर से उछला था। पुलिस ने बाद में शातिर अपराधी सैफ समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इन दोनों हत्याकांड में मुकदमे आदि की पैरवी कर रहे परिवार के सदस्य वेदप्रकाश गुप्त ने अलीगंज थाने में तहरीर देकर धमकी का आरोप लगाया है।
पुलिस को सौंपी तहरीर के जरिये कहा गया है कि उनके मोबाइल नंबर 9125219095 पर बुधवार सुबह मोबाइल नंबर 7754067189 से सुबह नौ बजकर 36 मिनट पर मिस्ड काल आई। नौ बजकर 37 मिनट पर काल आई लेकिन बिना बात किए काट दिया गया।
नौ बजकर 42 मिनट पर इसी नंबर से मोबाइल पर मैसेज आया। इसमें अभद्रता भरे शब्दों का प्रयोग करते हुए कहा गया कि इतना झेलने के बाद भी नहीं मान रहे हो। विधायक के खिलाफ गवाही देना बंद करो। पैरवी करोगे तो तुम्हारे परिवार का कोई सदस्य बचेगा नहीं। इसे हलके में मत लेना।
उधर, पुलिस ने तहरीर मिलते ही छानबीन शुरू कर दी। एसओ अलीगंज मनबोध तिवारी ने बताया कि पुलिस मामला देख रही है।