गैंगवार को लेकर हुए शेरू हत्याकांड मामले में शनिवार को एएसपी राहुलराज व सीओ टांडा सुधीर कुमार के नेतृत्व में माफिया सरगना खान मुबारक के घर पर पुलिस ने छापा मारा। इसके साथ ही आरोपी बसपा नेता जुर्गाम मेंहदी के घर पर भी छापेमारी की गई। दोनों गैंग से जुड़े कई सदस्यों के घर भी छापेमारी की गई।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व हंसवर थाना अंतर्गत नसीराबाद निवासी शेरू की ताबड़तोड़ गोलियां बरसा हत्या कर दी गई थी। शेरू माफिया सरगना खान मुबारक का करीबी था। मामले में स्थानीय बसपा नेता जुर्गाम मेहदी, उसके भाई व पुत्र समेत चार लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी को स्थानीय पुलिस छापेमारी कर रही थी।
इस बीच शनिवार को एएसपी व सीओ टांडा के नेतृत्व में हंसवर, इब्राहिमपुर, अलीगंज, बसखारी व टांडा कोतवाली पुलिस टीम ने हरसम्हार निवासी माफिया सरगना खान व उसके सहयोगियों के घर पर छापा मारा। इसके अलावा आरोपी नसीराबाद निवासी जुर्गाम मेंहदी व उसके सहयोगियों के घर भी छापा मारा गया।
लगभग एक घंटे तक चले छापेमारी अभियान के दौरान क्षेत्र में हड़कंप का माहौल रहा। हालांकि पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। एएसपी ने बताया कि दोनों गैंग के सदस्यों की गिरफ्तारी को पुलिस काम कर रही है। घरों के अलावा कई अन्य संदिग्ध ठिकानों पर भी शनिवार को छापेमारी की गई है। हालांकि इसमें कुछ हाथ नहीं लगा।