थाना क्षेत्र अलीगंज अंतर्गत एनटीपीसी कॉलोनी गेट के सामने एक घर से चोरों ने एक लाख रुपये की नगदी के अलावा लगभग चार लाख रुपये के आभूषण पार कर दिए। घटना के समय घर में वृद्ध दंपती ही मौजूद थे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दे दी है।
एनटीपीसी गेट के सामने विक्रांत गुप्ता पुत्र रामदेव गुप्ता घर बनाकर परिवार के साथ रहते हैं। दो दिन पहले ही विक्रांत अपने परिवार के साथ वैष्णोदेवी दर्शन के लिए गए हुए थे। घर में उनके वृद्ध माता-पिता ही मौजूद थे। बताया जाता है कि गुरुवार रात्रि किसी समय चोर घर के पीछे स्थित पाइप के सहारे छत पर चढ़े और सीढ़ी द्वारा घर के अंदर घुस गए।
चोरों ने एक-एक कमरे को खंगाला। न सिर्फ अलमारी का ताला तोड़ दिया बल्कि बाक्स का भी ताला तोड़कर उसमें रखा सामान पार कर दिया। शुक्रवार सुबह घर के बाहर बरामदे में सो रहे रामदेव जब अंदर गए तो वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गए। कमरों में सामान चारों तरफ बिखरे पड़े थे। अलमारी व बाक्स का ताला टूटा हुआ था।
चोरी की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर जुट गए। सूचना मिलने पर एसओ विजय कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। बाद में पीड़ित ने केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
परिवारीजनों ने तहरीर में एक लाख रुपये नगद के अलावा लगभग चार लाख रुपये के आभूषण चोरी हो जाने की जानकारी दी है। एसओ ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की छानबीन की जा रही है।