पुलिस ने शेरू हत्याकांड के आरोपियों के विरुद्ध कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को हंसवर पुलिस ने हत्या आरोपियों के घर कुर्की पूर्व का नोटिस चस्पा किया। आरोप है कि घटना के बाद से सभी चारों आरोपी फरार चल रहे हैं। गौरतलब है कि 7 सितंबर की रात नसीराबाद गांव निवासी आलमशेर उर्फ शेरू पुत्र मजीद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
मृतक के परिवारीजनों ने गांव निवासी जुरगाम मेहंदी, एहतेराम मेहंदी पुत्रगण करम हुसैन, आरिफ पुत्र जुरगाम मेहंदी व शुभनीत यादव के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। घटना के बाद से पुलिस हत्या आरोपियों की गिरफ्तारी करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। इस बीच पुलिस ने न्यायालय के समक्ष आरोपियों के घर कुर्की करने के लिए अनुमति प्रार्थना पत्र सौंपा।
न्यायालय ने पुलिस का प्रार्थना पत्र स्वीकार कर लिया है। सोमवार को हंसवर पुलिस ने हत्या आरोपियों के घर पहुंचकर कुर्की पूर्व धारा 82 का नोटिस चस्पा किया। थानाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने बताया कि यदि आरोपी हाजिर न हुए तो जल्द ही कुर्की की भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।