एक बाइक पर सवार परिवार के तीन सदस्य मंगलवार को किछौछा से लौट रहे थे। जब ये गन्नीपुर गांव के पास पुलिया पर पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार दंपती व बेटी सड़क पर गिर पड़े। पति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। पत्नी और बेटी की हालत गंभीर है। बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था।
टांडा थाना अंतर्गत मुबारकपुर निवासी मूसा कलीम (50) पत्नी मेराजुन्निशां (45) व पुत्री सबा आफरीन (22) के साथ मंगलवार सुबह बाइक से किछौछा गए थे। दोपहर को वे घर की ओर निकल लिए। जब वे सभी बसखारी जलालपुर मार्ग स्थित गन्नीपुर गांव के पास पुलिया पर पहुंचे, तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
इससे तीनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। जब तक लोग वहां पहुंचते, तब तक चालक वाहन लेकर भाग खड़ा हुआ था। मूसा कलीम की घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि पत्नी व पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इस बीच जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को सीएचसी बसखारी में भर्ती कराया गया। एसओ ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है।