घांटी बाजार के पूर्वांचल बैंक के बाहर प्रदर्शन करतीं हुई महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
घांटी बाजार। नोटबंदी के बाद लोगों में शुरू हुई मारामारी कम होने का नाम नहीं ले रही। मंगलवार को भी पूर्वांचल बैंक पर लोगों ने हंगामा किया। उग्र लोगों के तेवर देख बैंककर्मी बैंक बंदकर दोपहर बाद खिसक लिए। नाराज लोगों ने बैंककर्मियों पर मनमानी का आरोप लगाया। इलाके के पूर्वांचल बैंकों की हालत खस्ताहाल है। कैश के अभाव में लोगों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है।
बैंक मैनेजर के वादा के अनुसार मंगलवार को 500 से अधिक लोग रकम के लिए घांटी बाजार के पूर्वांचल बैंक पर पहुंचे। बैंक कर्मचारियों ने 70 लोगों को रकम दिया ही था कि दोपहर में कैश खत्म हो गया। बैंककर्मियों ने बैंक में ताला जड़ कैश लाने की बात कह वहां से निकल लिए। देर शाम तक लोगों ने बैंककर्मियों का इंतजार किया लेकिन नहीं आए।
नजमा खातून, पानमती देवी, चनेसरी देवी, फूलमती देवी, पूनम देवी, सुनीता, मंजू आदि ने बताया कि 15 दिन से रुपये के लिए बैंक का चक्कर काटा जा रहा है लेकिन बैंककर्मियों की मनमानी के कारण रुपये नहीं मिले। बैंक मैनेजर डीएन यादव ने बताया कि कैश खत्म होने के कारण बैंक बंद कर दिया गया।