जहरखुरानों के गिरोह ने शनिवार को जिले के विभिन्न इलाकों में आरपीएफ सिपाही समेत चार लोगों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटने के बाद सड़क किनारे फेंक दिया।
बसखारी के मसड़ा बाजार में शनिवार सुबह सड़क किनारे एक युवक को बेहोश पड़ा देखकर लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। युवक की जेब से मिली एक पर्ची में विजय प्रकाश नाम लिखा मिला।
दोपहर में थोड़ा होश आने पर युवक ने गोवर्द्धनपुर गांव का नाम लिया। इस पर अस्पताल में मौजूद कुछ लोगों ने परिचितों से जानकारी की तो पता चला कि गोवर्द्धन पुर रामनगर विकासखंड के सैदापुर में है।
वहां जानकारी करने पर बताया गया कि विजय प्रकाश आरपीएफ में सिपाही है और दिल्ली में तैनात है। वह दीपावली पर गांव आ रहा था।
खबर पाकर विजय प्रकाश के भाई जयप्रकाश जिला अस्पताल पहुंच गए हैं, लेकिन अभी सिपाही को पूरी तरह होश नहीं आ पाया है।
बसखारी बाजार के निकट शनिवार सुबह ही 15 वर्षीय किशोर भी बेहोश पड़ा मिला। बाजार वासियों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया। किशोर की जेब से सिर्फ एक पर्ची मिली है, जिस पर राजू लिखा है।
शनिवार भोर अकबरपुर रोडवेज बस अड्डा के पास सड़क किनारे एक अधेड़ बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। देर शाम तक अधेड़ को होश नहीं आने के चलते उसके बारे में कोई जानकारी नहीं हो सकी है।
महरुआ निवासी रणधीर भी शनिवार रात जहरखुरानी का शिकार हो गया। वह सियालदह एक्सप्रेस से अकबरपुर पहुंचा था। इसके बाद देर रात अकबरपुर नगर के बाहर मुख्य मार्ग की पटरी पर बेहोश पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने रणधीर को एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया है।
माना जा रहा है कि दीपावली से पहले ये सभी लोग बाहर से कमाकर घर लौट रहे थे। इनसे नगदी, कपड़े समेत करीब पांच लाख रुपये कीमत का सामान जहरखुरानों ने लूटा है। अभी किसी भी मामले में रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई गई है।