अंबेडकरनगर के तिवारीपुर में सोमवार को अवैध खनन में पकड़ी गई जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्राॅली।
- फोटो : अमर उजाला
थाना क्षेत्र अहिरौली अंतर्गत तिवारीपुर गांव में अवैध रूप से मिट्टी खनन की जानकारी होने पर एसडीएम सदर ने पुलिस टीम के साथ सोमवार सुबह छापा मारा। पुलिस को देखते ही खनन में लगे लोग जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग खड़े हुए। बाद में पुलिस जेसीबी व ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर थाने चली गई। पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह एसडीएम सदर पंकज को सूचना मिली कि अहिरौली थाना अंतर्गत तिवारीपुर गांव में जेसीबी से अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। इस पर एसडीएम ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर छापा मारा।
पुलिस टीम को देखते ही खनन में लगे लोगों में हड़कंप मच गया। वे ट्रैक्टर-ट्रॉली व जेसीबी छोड़कर भाग खड़े हुए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में एसडीएम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली व जेसीबी पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया। एसओ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।