उपभोक्ताओं में धनवितरण करने जा रहे एक निजी फाइनेंस कंपनी के मैनेजर से बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों ने असलहा दिखाकर लगभग दो लाख रुपये लूट लिए। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग खड़े हुए। पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नाकाबंदी कर बदमाशों की धरपकड़ का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। बाद में पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दिनदहाड़े हुई वारदात से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है। उधर घटना की जानकारी होने पर एएसपी पंकज पांडेय ने भी न सिर्फ घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से जानकारी हासिल की, बल्कि पीड़ित से भी आवश्यक पूछताछ की।
जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर थाना अन्तर्गत सुंदरसराय गांव निवासी आशीष कुमार यादव पुत्र उदयभान एक निजी फाइनेंस कंपनी एसकेएस माइक्रो फाइनेंस लिमिटेड की बसखारी ब्रांच में मैनेजर के पद पर तैनात है। मंगलवार सुबह वह उपभोक्ताओं को धनराशि वितरित करने के लिए 1 लाख 92 हजार रुपये बैग में रखकर बाइक से इंदईपुर जा रहा था। जब वह आलापुर फायर स्टेशन पटना मुबारकपुर के निकट पहुंचा, तो इसी बीच पीछे बगैर नंबर की बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। इससे पहले कि अशीष कुछ समझ पाता, दो बदमाश उसके निकट आ गए। एक ने उसकी कनपटी पर असलहा लगा दिया, जबकि दूसरे ने रुपये से भरा बैग छीन लिया। इतना ही नहीं, उसका मोबाइल व बाइक की चाभी भी छीन ली।
आशीष के मुताबिक इसके बाद पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बदमाश बसखारी की तरफ भाग खड़े हुए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से मौके पर हड़कंप मच गया। आसपास मौजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। आशीष ने एक ग्रामीण के मोबाइल से लूट की जानकारी कंपनी के ब्रांच मैनेजर विक्रांत साहू को दी। श्री साहू ने मामले की सूचना बसखारी पुलिस को दी, तो एसओ बेचू सिंह यादव तत्काल दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच जानकारी होने पर एएसपी पंकज पांडेय ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर ग्रामीणों से आवश्यक पूछताछ की। साथ ही पीड़ित से भी जानकारी हासिल की। एसओ श्री यादव ने बताया कि आशीष की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। तहरीर के मुताबिक बदमाशों ने न सिर्फ 1 लाख 94 हजार रुपये लूट लिए, बल्कि बैग में रखा टैबलेट व मोबाइल भी लेते गए। बताया कि छानबीन की जा रही है।