वध प्रतिबंधित पशुओं को वाहन से लेकर तस्कर भीटी की ओर जा रहे थे। पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया। इस पर पशु तस्कर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा किया तो पशु तस्करों ने पथराव शुरू कर दिया। घेराबंदी के बाद पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पिकअप वाहन को बरामद किया गया, जिस पर 12 पशु लदे हुए थे। इनमें दो पशुओं की मौत हो गई। पुलिस ने तस्कर को जेल भेज दिया, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है।
भीटी पुलिस को सोमवार रात सूचना मिली कि पशु तस्कर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले हैं। इस पर पुलिस टीम ने तस्करों की घेराबंदी शुरू कर दी। गांव के निकट पुलिस को पशु तस्करों का वाहन दिखा, तो उन्होंने पीछा किया। इस पर तस्करों ने पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। बदमाशों ने वाहन में रखे बड़े-बड़े पत्थर पुलिस जीप पर फेंकना शुरू कर दिए। इसके कारण पुलिस टीम को पीछे हटना पड़ा। पुलिस जीप की रफ्तार धीमी होते ही वे सब आगे बढ़ गए।
इसके बाद वायरलेस से संदेश पास होते ही पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की। लगभग एक घंटे तक चली घेराबंदी के बीच पिगरियावां ग्रामसभा के मैनेजर का पूरा के पास एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया। तीन अन्य पिकअप छोड़कर फरार हो गए। तस्कर की पहचान मंजीत उर्फ बन्ने निवासी बोझवा थाना हैदरगंज जनपद फैजाबाद के रूप में हुई। पिकअप में 12 वध प्रतिबंधित पशुओं को क्रूरतापूर्वक लादा गया था। इनमें से दो की मौत हो गई थी।