धागा व्यवसायी से शनिवार रात हुई चार लाख की लूट मामले में खुलासे के लिए स्वॉट टीम भी लगा दी गई है। पुलिस ने चौक क्षेत्र की दुकानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला, लेकिन कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ नहीं लग सका है। इस बीच छह संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि शनिवार रात साढ़े आठ बजे एक बाइक पर आए चार सशस्त्र बदमाशों ने धागा व्यवसायी महेंद्र गुप्त से साढ़े चार लाख रुपये लूट लिए थे। झांसी जिले के रानीपुर के मूल निवासी महेंद्र गुप्त नगर के सब्जी मंडी इलाके में किराए के घर में रहकर कारोबार करते हैं।
बदमाश उनसे चार लाख रुपये नकद के अलावा एक लाख रुपये का चेक तथा पैनकार्ड व कई एटीएम कार्ड भी लूट ले गए थे। घटना के बाद देर रात एसपी अजय कुमार सिंह व एएसपी राहुल राज मौके पर पहुंचे। सीओ राघवेंद्र मिश्र की मौजूदगी में पीड़ित व अन्य व्यापारियों से बातचीत कर बदमाशों की सुरागरसी का प्रयास किया गया।
पुलिस टीम ने चौक व आसपास के क्षेत्र में लगे दो व्यापारियों के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला। इससे चार बदमाशों के जाने की तो पुष्टि हुई लेकिन कोई अन्य सुराग हाथ नहीं लगा। पुलिस अधिकारियों ने बाद में टांडा कोतवाली में भी काफी देर तक विचार-विमर्श किया।
एसपी ने घटना के त्वरित खुलासे के लिए स्वॉट टीम को भी लगा दिया है। रात भर की गई छापेमारी में छह संदिग्धों को हिरासत में लिया गया, लेकिन पूछताछ के दौरान उनसे कोई उल्लेखनीय तथ्य हासिल नहीं हो सका। पुलिस अभी उनसे पूछताछ कर रही है।
कोतवाल बेचू सिंह यादव ने कहा कि इस घटना को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया है। एएसपी राहुल राज ने बताया कि बदमाशों की पहचान को लेकर कई सुराग हाथ लगे हैं, उन पर काम चल रहा है।