जीपीएस की मदद से न सिर्फ दिल्ली से चोरी किया गया मिनी ट्रक 24 घंटे में बरामद कर लिया गया, बल्कि गोविंदपुरम से एक चोर को भी पकड़ा गया। हालांकि दो चोर कविनगर पुलिस को चकमा देकर भाग गए।
दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-3 में रहने वाले ट्रांसपोर्टर विनोद अग्रवाल का मिनी ट्रक शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे चोरी कर लिया गया। सुबह उन्हें चोरी का पता चला। उन्होंने मिनी ट्रक में लगे जीपीएस से उसकी लोकेशन पता की, जो गोविंदपुरम के आसपास की आई। उन्होंने दिल्ली पुलिस को सूचना दी।
दिल्ली पुलिस ने कविनगर पुलिस को इत्तला की। पुलिसवालों ने तलाश की। ट्रक नहीं मिला तो ट्रांसपोर्टर ने ट्रक को जीपीएस की मदद से बंद कर दिया। एसएचओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि रविवार तड़के करीब साढ़े चार बजे पुलिस ने गोविंदपुरम में मिनी ट्रक को क्रेन के जरिए ले जाते हुए कुछ लोगों को देखा।
पुलिस ने पूछा तो आरोपी बोले कि उनका ट्रक है, खराब हो गया है, लेकिन उसका नंबर कंट्रोल रूम से फ्लैश हो चुका था, लिहाजा पुलिस ने ट्रक चालक महबूब निवासी संभल को दबोच लिया, जबकि उसकेदो साथी शहनवाज निवासी मुरादाबाद और कल्लू निवासी ज्योतिबाफूलेनगर कार में भाग गए, वे कार से ट्रक के आगे-आगे चल रहे थे।