अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत बरधाभिउरा गांव के निकट शनिवार देर शाम सड़क पार कर रहे बालक को परिवहन निगम की बस ने रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने घेराबंदी कर बस लेकर भाग रहे चालक को पकड़ लिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन व चालक को अभिरक्षा में ले लिया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बरधाभिउरा निवासी राजकुमार का पुत्र हिमांशु (12) उर्फ बप्पी शनिवार देर शाम घर के निकट सड़क पार कर रहा था। इसी बीच इलाहाबाद से यात्रियों को लेकर टांडा जा रही परिवहन निगम की बस ने उसे रौंद दिया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस लेकर भागने लगा, जिसे स्थानीय लोगों ने घेरकर पकड़ लिया। इस बीच जानकारी होने पर अकबरपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। वाहन व चालक को अभिरक्षा में ले लिया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी सत्येंद्र सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। चालक व बस को अभिरक्षा में थाने ले आया गया है।