अलाव से लगी आग से झुलसी वृद्धा, ट्रॉमा रेफर
अंबेडकरनगर। अहिरौली थाना अंतर्गत मिझौड़ा गांव में शनिवार सुबह अलाव की चिंगारी से एक वृद्धा झुलस गई जबकि आलापुर के रामनगर में शुक्रवार देर शाम चूल्हे पर खाना बनाने के दौरान एक महिला झुलस गईं। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत की गंभीरता देखते हुए वृद्धा को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
परिवारीजनों के अनुसार अहिरौली के मिझौड़ा निवासी रामसजीवन की पत्नी गीता देवी (62) शनिवार सुबह घर के बरामदे में अलाव के सामने बैठी थीं। बताया जाता है कि इसी बीच अलाव से निकली चिंगारी से उनके कपड़े में आग लग गई। घरवालों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं।
उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत में सुधार न होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर करना पड़ा। आलापुर थाना अंतर्गत रामनगर निवासी संजीव कुमार की पत्नी सीता (28) शुक्रवार देर शाम चूल्हे पर खाना बना रही थी। इसी बीच निकली चिंगारी से उसके कपड़े में आग लग गई।
पहले तो उसने खुद ही आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। चीख सुनकर परिवारीजनों ने आग बुझाई, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। उसे सीएचसी रामनगर ले जाया गया, जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सीता की हालत गंभीर बनी हुई है।