तस्करी कर ले जा रही 118 पेटी नकली शराब पकड़ी
महरुआ (अंबेडकरनगर)। पुलिस ने मंगलवार देर शाम सुल्तानपुर से तस्करी कर अकबरपुर ले जाई जा रही 118 पेटी नकली शराब पकड़ी। पुलिस ने शराब से लदी पिकअप चालक को भी दबोच लिया है। पुलिस की मानें तो 118 पेटी में 888 ब्रांड की 5310 शीशी थी। पूछताछ में आरोपी चालक ने बताया कि नकली शराब में 888 ब्रांड का लेबल लगाकर बेचते थे। पुलिस ने चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
महरुआ पुलिस को मंगलवार देर शाम सूचना मिली कि पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर से एक पिकअप पर अवैध ढंग से नकली शराब महरुआ होते हुए अकबरपुर ले जाई जा रही है। एसओ राहुल कुमार ने पुलिस टीम के साथ सुल्तानपुर से महरुआ आने वाले मुख्य मार्ग घेराबंदी कर दी। इसी बीच सुल्तानपुर की तरफ से एक पिकअप वाहन आता दिखा। पुलिस टीम को देखते ही पिकअप चालक वाहन खड़ाकर भागने लगा। इस पर पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान रोहित चौधरी निवासी रसीदपुर थाना सलेमपुर जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई। पिकअप की तलाशी में 118 पेटी शराब मिली। इसमें कुल 1062 लीटर शराब थी। पुलिस टीम चालक व शराब लदी पिकअप को लेकर थाने ले आई। साथ ही सूचना आबकारी विभाग को दी।
इसी बीच पहुंचे सीओ जलालपुर ने चालक से शराब के बारे में जानकारी शुरू कर दी। चालक ने सीओ को एक मोबाइल नंबर देते हुए बताया कि हमसे कहा गया था कि जिला मुख्यालय पहुंचकर इसी नंबर पर बात कर लेना। वह जहां कहेगा, वहीं शराब की पेटी उतार देना। इससे ज्यादा इस संबंध में वह कुछ नहीं जानता। बाद में आबकारी निरीक्षक भीटी प्रज्ञा मिश्रा, जलालपुर कौशलेंद्र सिंह, आलापुर उपेंद्र कुमार शुक्ल व टांडा महेंद्र वर्मा ने भी महरुआ थाने पहुंचकर चालक से जरूरी जानकारी हासिल की।
जारी रहेगा विशेष अभियान
नकली शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में यह बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार देर शाम महरुआ पुलिस ने नकली शराब की 118 पेटी में 888 ब्रांड की कुल 5310 शीशी शराब बरामद कर लिया। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की छानबीन की जा रही है। - अमर बहादुर, सीओ जलालपुर