नशे में गला दबाकर बड़े भाई को मार डाला
टांडा (अंबेडकरनगर)। कोतवाली के पुंथर ग्राम पंचायत के मजरा मौहरिया में बुधवार रात नशे में धुत छोटे भाई ने बड़े भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पत्नी के साथ मौके से भाग खड़ा हुआ। पुलिस ने गुरुवार सुबह मौके पर पहुंचकर छानबीन की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर शाम गांव निवासी भरतलाल चौहान पुत्र बरखू नशे में धुत होकर घर पहुंचा। वह परिवार के सदस्यों के साथ अभद्रता कर रहा था। इसी बीच पहुंचे बड़े भाई रोहित चौहान (30) ने इसका विरोध किया, तो वह उससे भिड़ गया। बढ़ते विवाद के बीच भरतलाल ने रोहित का गला पकड़ लिया। वहां मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ही रोहित ने भी गला छुड़ाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच उसके पिता ने भरतलाल के चंगुल से रोहित को छुड़ाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
गुहार पर जब तक इर्दगिर्द मौजूद लोग मौके पर पहुंचते, तब तक आरोपी भरतलाल पत्नी के साथ मौके से भाग खड़ा हुआ। सूचना पर कोतवाली प्रभारी रामलखन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही परिवारीजनों से पूछताछ की। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में सीओ केके मिश्र ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मृतक के पिता बरखू की तहरीर पर आरोपी भरतलाल के विरुद्ध हत्या समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। बताया कि दोनों भाई एक ही घर में रहते थे। भरतलाल अक्सर शराब के नशे में परिवारीजनों से मारपीट व अभद्रता करता था। बुुधवार को भी वह नशे में धुत था। इसी बीच उसने घटना को अंजाम दिया। आरोपी की तलाश में छापेमारी की जा रही है।