टांडा (अंबेडकरनगर)। नगर के घूरनशाह बाबा की मजार के पास बीती रात एक दिव्यांग ई-रिक्शा चालक के पेट में धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले टांडा सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत की गंभीरता को देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहां चालक की हालत गंभीर बतायी जाती है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर छानबीन शुरु कर दी है।
जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार की रात 10 बजे नौशाद निवासी मोहल्ला कस्बा थाना अलीगंज ई-रिक्शा लेकर घर जा रहा था। घूरनशाह बाबा की मजार के पास स्थित एक दुकान के सामने किसी वाहन से उसका रिक्शा छू गया। इससे वहां मौजूद लोग उस पर हमलावर हो गए। हमलावरों का गुस्सा इतना बढ़ गया कि वे लोग नौशाद पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उसके पेट में गंभीर चोट आ गई। हमलावर मौके से भाग गए। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे टांडा सीएचसी भर्ती कराया। चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां भी चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। नौशाद की हालत गंभीर बतायी जाती है। पुलिस ने घायल की तहरीर पर बन्ने, नदीम, फहीम व जिया निवासीगण मोहल्ला अलहदादपुर थाना अलीगंज के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।