टांडा (अंबेडकरनगर)। दो बेटियां पैदा होना ससुरालीजनों को नागवार गुजरा। विवाह के समय दहेज न देने, उस पर दो बेटियां पैदा करने का आरोप लगाते हुए महिला को मारपीट कर उसे दोनों बेटियों के साथ घर से निकाल दिया। साथ ही पति ने दूसरा विवाह भी कर लिया। पीड़ित महिला की तहरीर पर इब्राहिमपुर पुलिस ने आरोपी पति समेत सात के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न आदि की धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में नाऊसांडा निवासिनी श्रद्धा वर्मा पुत्री रामसूरत वर्मा ने कहा कि उसका विवाह 16 जून 2009 को इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत वरवा बीठलपुर निवासी राममगन पुत्र कमला प्रसाद के साथ हुआ था। राममगन प्राथमिक विद्यालय मुकुंदपुर में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात है। कहा कि विवाह के समय उसके पिता ने सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज भी दिया था। इस बीच उसके दो बेटियां हुईं। मौजूदा समय में अमूल्य (6), जबकि श्रेवाली दो वर्ष की है। बेटियों के पैदा होने से ससुरालीजन उसे परेशान करने लगे। उसके साथ मारपीट की जाने लगी। दहेज न देने, उस पर बेटियां पैदा करने का आरोप लगाते हुए उसे तरह तरह से प्रताड़ित किया जाने लगा। बीते दिनों राममगन ने उसकी पिटाई कर उसे दोनों पुत्रियों के साथ घर से निकाल दिया। कहा कि पति ने इस बीच दूसरा विवाह भी कर लिया। महिला ने मामले में न्याय की गुहार करते हुए केस दर्ज करने की मांग की। एसओ इब्राहिमपुर जितेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति रामगन, ससुर कमला प्रसाद, जेठ महेंद्र कुमार, देवर पवन कुमार समेत सात लोगों के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।