अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य बदमाश फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने बदमाशों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
आए दिन एटीएम कार्ड बदलकर एटीएम से धननिकासी की घटनाएं सामने आ रही थीं। इसकी बीते कुछ समय से लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। बीते दिनों अकबरपुर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर एटीएम से धन निकासी करने वाले दो बदमाशों को पकड़कर जेल भेज दिया था। इस बीच शनिवार देर शाम अकबरपुर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि अकबरपुर नगर के पटेलनगर तिराहा स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम के बाहर तीन युवक संदिग्ध दशा में खड़े हैं। इस पर कोतवाली प्रभारी एनएन शर्मा के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस टीम को देखते ही तीनों युवकों ने भागना शुरू कर दिया। इस पर पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर दो पकड़ लिया, जबकि एक बदमाश भागने में सफल रहा। पुलिस दोनों बदमाशों को लेकर थाने चली गई। कोतवाली प्रभारी एनएन शर्मा ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान आजमगढ़ जनपद के पवई थाना अंतर्गत खैरुद्दीनपुर गांव निवासी सूरज व मुकेश के रूप में हुई। एक अन्य बदमाश राजेश फरार होने में सफल रहा। बताया कि पूछताछ में बदमाशों ने एटीएम बदलकर धननिकासी करने की बात कबूल की है। दोनों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया।