बैंक में धोखाधड़ी कर रहे युवक को दबोचा
टांडा। फर्जी हस्ताक्षर बनाकर दूसरे के बैंक खाते से धननिकासी का प्रयास कर रहे एक युवक को बैंक कर्मचारियों ने पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र टांडा के छज्जापुर मोहल्ला स्थित आईसीआईसीआई बैंक शाखा में आसोपुर गांव निवासी एक युवक चेक के माध्यम से धननिकासी कर रहा था।
उसने दस हजार रुपये निकालने के लिए सुभाष नामक खाताधारक का हस्ताक्षर किया। हालांकि बैंक कर्मियों ने संदेह होने पर उसे रोक लिया। इसके बाद टांडा कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी।
बैंक कर्मियों के मुताबिक सुभाष ने पूर्व में बैंक कर्मियों को प्रार्थनापत्र देकर कहा था कि बिना उनके आए धननिकासी न की जाए क्योंकि बीते दिनों उसके फर्जी हस्ताक्षर से एक बार पैसा निकल चुका है।
इसे देखते हुए ही बैंक कर्मी सतर्क थे। सूचना के बाद पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी। आरोपी ने कहा कि संबंधित खाताधारक ने ही उसे धननिकासी के लिए भेजा था लेकिन अब वह अपनी बात से मुकर रहा है।
उसने किसी प्रकार की जालसाजी का प्रयास नहीं किया है। इस बीच कोतवाल रामलखन पटेल ने कहा कि संबंधित खाताधारक को कोतवाली बुलवाया गया है। उसके आने के बाद ही दोनों को आमने-सामने बैठाकर जानकारी लेने के बाद कोई कार्रवाई की जाएगी।