वनरोज के शिकार से ग्रामीणों में आक्रोश
अंबेडकरनगर। टांडा कोतवाली अंतर्गत देवहट गांव में बुधवार सुबह एक व्यक्ति ने लाइसेंसी बंदूक से वनरोज को गोली मार दी।
वनरोज के शिकार से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इस पर आरोपी ठेकेदार बंदूक लेकर वहां से भाग गया। इस बीच पहुंची पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया।
देवहट निवासी एक व्यक्ति को बुधवार सुबह बीच रास्ते में वनरोज दिखाई दिया। उसने अपनी लाइसेंसी बंदूक से उस पर गोली चला दी। गोली लगने से वनरोज की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी होते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
लोगों के आक्रोश को देखते हुए आरोपी मौके से भाग गया। इस बीच जानकारी होते ही कोतवाली प्रभारी रामलखन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाकर मामला शांत कराया। साथ ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि, कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है, तो केस दर्ज किया जाएगा।