फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीएसटी रजिस्ट्रेशन के नाम पर वसूली करता पकड़ा गया फर्जी दरोगा

विज्ञापन
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। फर्जी दरोगा बनकर दुकानों से जीएसटी रजिस्ट्रेशन के नाम पर डरा धमकाकर वसूली करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से फर्जी आईकार्ड, आजमगढ़ के बिलरियागंज थाने की फर्जी मुहर व अवैध वसूली का 4 हजार रुपये व बाइक बरामद हुई। बाद में पुलिस ने युवक के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
विज्ञापन


गुरुवार अपराह्न एक बाइक राजेसुल्तानपुर थाना अंतर्गत पदुमपुर चौराहा स्थित अंशू मोबाइल सेंटर के समक्ष आकर रुकी। उस पर से एक वर्दीधारी युवक उतरा। कंधे पर डबल स्टार व विजय नाम की प्लेट लगी हुई वर्दी पहने वह युवक दुकान के अंदर गया।

दुकान मालिक राजेसुल्तानपुर थाना अंतर्गत भूपतपुर गांव निवासी केशवप्रसाद पुत्र रामप्रसाद पर रौब झाड़ता हुआ बोला कि मैं दरोगा हूं। मुझे मालूम पड़ा है कि तुम बगैर जीएसटी लाइसेंस के सामग्रियों की बिक्री कर रहे हो। तुम्हारे विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। यदि कार्रवाई से बचना है, तो तत्काल चार हजार रुपये दो। पहले तो दुकानदार ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब कथित दरोगा उसे डराने धमकाने लगा, तो मजबूरन चार हजार रुपये दे दिए।
विज्ञापन


इसके बाद कथित दरोगा विजय इसी बाजार स्थित कृष्णा व एमके मोबाइल सेंटर पर भी पहुंचा। इन दोनों के दुकानदारों को उसने विभिन्न प्रकार से धमकाना शुरू किया। बाजारवासियों को कुछ संदेह हुआ। उन्होंने इसकी जानकारी एसपी को दी।

एसपी संतोष कुमार मिश्र ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजेसुल्तानपुर थानाध्यक्ष को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने पुलिस टीम के साथ गढ़वल चौराहे के निकट जांच शुरू की। इसी बीच बाइक से कथित दरोगा आता नजर आया। पुलिस टीम को देखकर उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर उसे पकड़ लिया।

शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि पूछताछ में विजय ने बताया कि उसका नाम विजय भारती है और वह आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत भगतपुर गांव का निवासी है। नौकरी न मिलने के चलते उसने इसी प्रकार से धन कमाने का कार्य शुरू कर दिया।

एसपी ने बताया कि तलाशी में उसके पास से बाइक व दरोगा की वर्दी के साथ ही आईकार्ड, बिलरियागंज थाने मुहर व 4 हजार रुपये बरामद हुआ। बताया कि विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में प्रभारी थानाध्यक्ष के अलावा उपनिरीक्षक रामजीत, नगेंद्र सरोज, रणजीत, बिपिन राठौर, सत्यप्रकाश आदि शामिल रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें